तू सर्दी की धूप सा है।

तू सर्दी के दिनों की
गुनगुनी धूप सा है
जिसकी गर्माहट जरूरी सी है
उन दिनों के लिए.
जिसका वजूद होता तो हमेशा है
लेकिन उन दिनो में
तू बस जरूरी सा है
जीने के लिए, जिंदगी के लिए….!!

इस भीड़ से परे

इस भीड़ से परे
इक दुनिया है कहीं
जहां सुकून है
सुकून इस बात का की तू साथ है
सुकून इस बात का की कोई है
जिसके बस होने भर से तकलीफें कम सी हैं
जिसके बस वजूद से इक हिम्मत सी है
कि कोई तो है जिसके लिए आप जरूरी हो
आपका होना मायने रखता है
आपकी खुशियां
और आपके दुख मायने रखते हैं

मेला

बचपन और मेले
हमेशा से एक दूसरे के
समप्रत्यय प्रतीत होते हैं
वो चेहरे की चमक
जगमग रोशनी को भी
फीकी सी कर देती है
वो पसंद के गुब्बारे मिलने पर
खुलके चहचहा उठना
तरह तरह की मिठाइयां देखकर
उन्हें अपनी दुनिया की मिठास समझ लेना
जैसे जन्नत उन्ही में बसती हो
ये मिठास बाद में बहुत याद आती है
जब जीवन प्रतिदिन एक नई
कड़वी सच्चाई से रूबरू होता है
ये चेहरे की चमक
बाद में आंखे नम कर जाती हैं
जब जीवन प्रतिदिन एक नई
कठिनाई से रुबरू होता है
वो मेले में खोने के डर से
वो किसी का हाथ थामकर चलना
बाद में कब हम दुनिया की इस भीड़ में
खो से जाते
कि नजर आकर भी
किसी को नजर नहीं आते
घर से मेले में जाने की जिद करना
और उसी मेले का बहाना लेकर
अब कुछ दिनों के लिए घर वापस आना
जिंदगी अलग सी हो गई
जिंदगी कठिन सी हो गई
पहले खुश होने के लिए
मुस्कुराया करते थे
और अब तस्वीरों में पूर्ण दिखने के लिए
मुस्कुरा कर दिखाया करते हैं

खोई हुई चीजें

अक्सर खोई हुई चीजें
मिल जाती हैं
कहीं ना कहीं
घर के किसी कोने में
खोए हुए पसंदीदा कलम,
वो किसी खास के दिए हुए खत,
आंखों को चमकाने वाली
वो खूबसूरत सी तस्वीरे
बाज दफा इस बार
खुद को जो खोया है
उस खुद से मिले
जमाने हो गए
इस मुलाकात को
खुद को पाने की
खुद को पहले सा, पुराना सा
पाने की हर वो मुमकिन सी मशक्कत
नाकाबिल सी नजर आती है
नाकामयाब सी नजर आती है
अपनी वो पूरी सी लगने वाली हसी
आंखों में चमक दे जाने वाले वो
मुमकिन से लगने वाले ख्वाब
किसी नए सफर की तलाश
और दुनिया को जीत लेने का
अनोखा अनकहा सा जज्बा
खुद पर वो पूरा सा यकीन
सब कुछ बस धुंधला सा नजर आता
खुद का साया भी
खुद का साथ भी
बस अधूरा सा नजर आता है ….!!!

autumn 🍁

there is something so soothing about the autumn season
bid adieu to summers and welcoming winters. there is a warmness in this season which makes you feel that you matter. your existence matters. there is a hope lies in this season that days might be hard as for now, but it’s going to be okay. everything is going to fall into place at the right moment. new blessings are there. you have got this. just stay strong.

ये खुला आसमान

ये खुला आसमान
मंद मंद सी चलती ये हवाएं
भीनी भीनी सी पौधो की खुशबू
शाम होती कुछ हसीन सी है
ये शाम होती कुछ सुकून सी है
दिन भर की थकान
लू के थपेड़े
लोगों की अनचाही भीड़
और जिंदगी को
सही से चलाने की जद्दोजहद
इक शाम चाहिए होती है
खुलके सांस लेने को
इक खुला आकाश चाहिए होता है
खुद को समझने के लिए
वजूद को तलाशने के लिए
जब आपके आस पास अंधेरा सा हो
जब आपके आस पास कोई दूसरा ना हो
बस आंखे बंद करके
खुद को महसूस करने का दिल करता है
बस गहरी सांस लेकर के
खुद को जानने का दिल करता है
ना परिवार
ना दोस्त
ना कोई भीड़
और ना अनचाहे से लोग
बस आपका होता है ये वक्त
बस आपका होता है
ये खुला आसमान
ये धीरे सी चलने वाली फिजाएं
ये भेदकर जाने वाला अंधेरा
और ये सुकून देने वाला लम्हा
सूरज को डूबते देखना
इक उम्मीद सा दे जाता है
की दिन चाहे जैसा गुजरा हो
वक्त चाहे जैसा बीता को
अंत भी खूबसूरत हो सकता है
अंत भी अच्छा हो सकता है
जिसे आपको कैद करने की चाहत रहे
जिसे आपको बस समेटने की ख्वाहिश रहे…!!!

कोई अनकहा सा

अगर तुम्हारे उदासी भरे आंखों
और हंसते हुए चेहरे के पीछे की
कहानी समझ लेता है कोई
तो उसे संभाल कर रख लेना
संजो कर किसी कीमती बक्से में
बस अपने तक रख लेना
दुनिया की नजरों से बचा के
खुद को खुशनसीब सा समझ लेना
जो तुम्हारे दर्द की दवा बने
जो तुम्हारे जख्मों के मरहम बने
जिसके बस पास होने से तुम्हे हिम्मत मिले
जिसके बस पास होने से तुम्हे ताकत मिले
जो तुम्हारी खामोशी में छिपे
शब्दों को ढूंढ ले
जो तुम्हारी हसी में छिपा अकेलापन ढूंढ ले
जो तुम्हे कभी ये ना महसूस होने दे की
तुम्हारा होना मायने नही रखता
तुम्हारा वजूद
मायने नही रखता
जिसकी सांसे थम जाए
तुम्हारे ना होने के खयाल भर से
जो तुम्हे कभी ये ना जताए
तुम कहीं कुछ ज्यादा हो
जिसे बस तुम ऐसे ही पसंद हो
जैसे तुम हो
जैसी तुम्हारी दुनिया है
और
जिसके सामने तुम्हे
किसी और सा बनने की कभी जरूरत ना पड़े
तुम बस जैसे हो
उसके लिए सबसे कीमती हो
तुम बस जैसे हो
उसके लिए ही बने हो
उसकी पूरी दुनिया से हो तुम
तुम्हारी पूरी दुनिया सा है वो
और बस तुम दोनो
एक दूसरे के लिए काफी हो
तुम्हारा साथ तुम्हारी हिम्मत
और वही हिम्मत
तुम्हारी परछाई
ऐसी परछाई जो अंधेरे में भी
तुम्हारा साथ कभी ना छोड़े
ऐसे खास को
ऐसे शख्स को
बस संभाल कर रख लेना
दुनिया की नजरों से बचा के रख लेना
फिर ऐसा मौका मिले न मिले
फिर ऐसा शख्स मिले न मिले
जिसके सामने तुम्हे दर्द बांटने के लिए
शब्दों का सहारा ना लेना पड़े
जिसके सामने तुम्हे जताने के लिए
दूसरों का सहारा ना लेना पड़े
जिसके लिए तुम जरूरी हो
तुम्हारा होना जरूरी है
तुम्हारी खुशियां जरूरी हैं
और
तुम्हारे आंसू कीमती हों ….!!!

Design a site like this with WordPress.com
Get started