
पापा
जब से होश संभाला है
बस एक ख्वाहिश साथ लेके जिया है
कैसे और किन तरीकों से
आपके बोझ को कम कर पाऊं
पूरा ना सही
उन स्थितियों का कुछ भाग ही सही
कैसे आपको एक तिनका भर की
तकलीफ ना होने दूं
इस पूरी दुनिया में
अगर कोई सबसे महत्वपूर्ण इंसान है
वो आप और मां हैं
आप दोनो दुनिया हो हमारी
हम सम्पूर्ण तो नही इस जीवन में
गलतियां करते
इतराते उन गलतियों पर
जैसे दुनिया जीत ली हो
लेकिन फिर सीखते
उन्हीं गलतियों से
हां इतना भरोसा जरूर रखना आप
आपने अपने बच्चों को
दुनिया की सबसे बेहतरीन परवरिश दी है
आपने उससे कहीं ज्यादा किया है
जितना आप कर सकते थे
बिना दूसरी बार सोचे
हमारे लिए अपनी नींद,
सुकून सब कुर्बान करने वाले
आप जैसा शायद ही दुनिया में कोई मिले
आपके बच्चों को.
आप उस साए के समान हो
जिनका बस होना ही
हमारी जन्नत है
जिनका बस सर पे हाथ ही
पूरी दुनिया की खुशी है
आपको हमेशा दूसरों के बारे में
खुद से पहले सोचते देखा है
दूसरो की मदद
बिना अपनी तकलीफ के बारे में सोचते
देखा है
वो दुवा हो आप
जो रब ने सजदों में अदा की है
शायद हम वो सब नही कर पाए
अभी तक के सफर में
जिसके आप हकदार थे
जिस खुशी और सुकून के
आप हकदार थे
खुदा से बस यही दुवा है
आपको जहां भी रखें
सलामत रखें
सारी बुरी नजरों से बचाके रखे
आप जैसे निस्वार्थ लोग
आज के समय में मिलने
बहुत ही मुश्किल हैं
आपका भरोसा
अपनी बेटियो पर, हिम्मत है उनकी
आपका गुरूर
अपने बच्चों पर, ताकत है उनकी
अपने बच्चों के लिए
अपनी दुनिया कुर्बान कर देना
उनको क्या पसंद है
उन चीजों से घर का कोना भर देना
बिना किसी स्वार्थ के
बिना किसी उम्मीद के
बस बिना जताए
बिना बताए
उनको प्रेम करना
ऐसा भी कर पाया है कोई इस दुनिया में
ऐसा भी बन पाया है कोई इस दुनिया में